टिहरी: टीएचडीसी-आईएचईटी के खेल विभाग द्वारा तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान ने 100 मीटर दौड़ के लिए सीटी बजाकर किया।

इस खेल आयोजन में विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं शामिल हैं, जिनमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. प्रधान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम का समन्वय खेल प्रभारी डॉ. धनेश मोहन बर्त्वाल द्वारा किया गया। उन्होंने छात्र समन्वयकों—प्रियांशु धीमान, गौरव धौंधियाल, शुभम कोठारी, आभाष, प्रथम और दिव्यांशु—का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सभी ने पूरे समर्पण के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
