उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश के 60 जिलों में तेज से मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश का सिलसिला 31 जुलाई तक जारी रह सकता है. अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होगी, जबकि शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. करीब 30 से अधिक जिलों में वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. संभावित खराब मौसम को देखते हुए संबंधित जिलों के आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. इसी सिस्टम के प्रभाव से पूरे प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. अनुमान है कि 1 अगस्त के बाद मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ सकती है, जिससे बारिश में कमी आ सकती है. पिछले कुछ दिनों से कमजोर मानसून के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था. अब लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. अन्य जिलों में भी बारिश होगी, हालांकि उसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *