लखनऊ l उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमती नदी के किनारे से लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों तक छठ पूजा की रौनक देखने को मिलेगी। इस बार लक्ष्मण मेला मैदान और झूलेलाल वाटिका समेत करीब 135 स्थानों पर व्रती महिलाएं और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसे लेकर नगर निगम ने घाटों को सजाने-संवारने का काम शुरू कर दिया है। पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, रोशनी और सजावट के खास इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. चार दिवसीय छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे. इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से पेयजल, शौचालय और आवागमन की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. नदी और जलाशयों के किनारे सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई जाएगी. इसके साथ ही किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती भी होगी. श्रद्धालुओं ने अपने स्तर से पूजा के लिए वेदियां तैयार करनी शुरू कर दी हैं. नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ लक्ष्मण मेला मैदान, पिकनिक स्पॉट और कल्याणपुर स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पूजा से पहले सभी जरूरी काम पूरे कर लिए जाएं. घाटों पर स्वच्छता और पर्याप्त रोशनी के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया. नगर विकास मंत्री ने मंगलवार को कुड़िया घाट पहुंचकर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने साफ-सफाई, घाटों की सुंदरता बढ़ाने के लिए चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था पर जोर दिया. मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम पूरा करें, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान असुविधा न हो. निरीक्षण के दौरान शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग की प्रगति भी देखी गई. मंत्री ने निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए. इससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में आसानी होगी. इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार समेत नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

