देहरादून l रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) की देहरादून स्थित आयुध निर्माण इकाई (OFD) में CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू हो गया है। इस अवसर पर 25 नवंबर 2026 को आयोजित समारोह में CM3 MR साइट की पहली खेप में 21 साइटों को फ्लैग ऑफ किया गया।

इस अवसर पर इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्रीमती शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने इसे कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल एक नए उत्पाद के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के रक्षा औद्योगिक तंत्र में कंपनी की मजबूत पहचान स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय कंपनी Safran के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता अब इस महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचा है। पूर्व बोर्ड और नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम है कि वर्ष 2021-22 से ही सशस्त्र बलों को आधुनिक एवं उन्नत उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक रक्षा उत्पादन व्यवस्था में सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। L&T और Safran जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी इसी सोच का हिस्सा है। भविष्य में भी ऐसे तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि विशिष्ट रक्षा तकनीकों का देश में ही निर्माण संभव हो सके और विदेशी आयात पर निर्भरता कम हो।

श्रीमती शर्मा ने आयुध निर्माण इकाई देहरादून के अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति से निर्धारित होती है। उन्होंने कर्मचारियों से उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने और निरंतर सीखने एवं सुधार की प्रक्रिया अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आयुध निर्माणी में नई बिल्डिंग और प्रणालियों में किए जा रहे सुधार भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से K9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS) की पहली खेप फ्लैग ऑफ की गई थी। इसी क्रम में अब देहरादून से CM3 MR साइटों का पहला बैच रवाना किया जा रहा है। ये दोनों उपलब्धियां K9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका को दर्शाती हैं।

श्रीमती शर्मा ने OFD के पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ नई एवं विशिष्ट तकनीक वाले उत्पादों के निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आयुध निर्माण देहरादून की टीम की मेहनत और तकनीकी दक्षता के बल पर आने वाले समय में यहां हजारों CM3 MR साइटों का उत्पादन किया जाएगा। इससे देश की रक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और कर्मचारियों के लिए कार्य एवं कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस अवसर पर आयुध निर्माण इकाई देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.एस. ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि पूरी टीम ने कड़ी मेहनत से इस उत्पाद को उत्पादन के लक्ष्य तक पहुंचाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। अपर महाप्रबंधक श्री राघव गुप्ता ने उत्पाद के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की तथा इसके उत्पादन को सफलतापूर्वक शुरू करने के लिए किए गए प्रयासों से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *