उत्तर प्रदेश l देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास और देशभक्ति का माहौल है. इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ध्वजारोहण किया. इसके बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है. आज हर सेक्टर में विकास हो रहा है. सभी लोगों को साथ मिलकर चलना होगा. वीर बलदानियों ने हमें आजादी दिलाई. यूपी की धरती से आजादी का बिगुल शुरू हुआ था. आजादी की लड़ाई यूपी के बगैर अधूरी थी. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान मिले. इसी सोच के साथ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है. ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए प्राथमिक विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गया है. उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की पहली पंक्ति का योद्धा बताते हुए कहा कि शिक्षकों और उनके परिजनों के कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी की गई है.. DBT के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंचाया जा रहा है.
