बसपा सुप्रीमो मायावती ने मुख्यमंत्री रहते हुए अंबेडकरनगर जिले का गठन किया और इसे अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाया। उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर जिले को बड़ी-बड़ी विकास परियोजनाएं दीं। अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जिले का गठन करने वाली बसपा सुप्रीमो मायावती यहां लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगा चुकी हैं। तब सीट अकबरपुर सुरक्षित नाम से थी। खास बात यह है कि लगातार तीन जीत के साथ ही उन्होंने हर बार अपनी जीत का अंतर भी बढ़ाया। अंबेडकरनगर जनपद से पूर्व सीएम मायावती का गहरा नाता रहा है। इसकी शुरुआत तब हुई जब उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री बनते ही अयोध्या (तत्कालीन फैजाबाद) जनपद को विभक्त कर 29 सितंबर 1995 को अंबेडकरनगर नाम से नए जिले की घोषणा कर दी। इसके लिए वह स्वयं अकबरपुर आई थीं। शिवबाबा मैदान पर हुई रैली में ही पहले डीएम और एसपी से जनता का परिचय कराया। इसके बाद अपने प्रत्येक कार्यकाल में मुख्यमंत्री के तौर पर जिले को बड़ी-बड़ी विकास परियोजनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *