टिहरी l टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (THDC-IHET) टिहरी, में संस्थान के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई, परमाणु ऊर्जा विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परमाणु ऊर्जा विभाग की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों तथा इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए उपलब्ध प्रतिष्ठित करियर अवसरों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में BARC मुंबई के वरिष्ठ वैज्ञानिक/इंजीनियर डॉ. सतेंद्र कुमार एवं डॉ. दीपक कुमार आकर ने प्रतिभाग किया। उन्होंने विद्यार्थियों को BARC की वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपलब्धियों, अनुसंधान गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में संस्थान की भूमिका की जानकारी दी। साथ ही BARC के OCES (Orientation Course for Engineering Graduates) कार्यक्रम, पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया एवं भर्ती संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लिया और अपने करियर से जुड़े प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन सह-संयोजक डॉ. कविता तड़ियाल ने किया। इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी मेंबर्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुलक्षणा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान, BARC के दोनों वैज्ञानिकों, आयोजन टीम, फैकल्टी मेंबर्स एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों में अनुसंधान एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी मिली। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा देश की वैज्ञानिक प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *