उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश की लाखों आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी राहत की तैयारी है. योगी आदित्यनाथ सरकार विधानसभा में पेश होने वाले अनुपूरक बजट में इनके मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. सरकार ने पहले ही सदन में मानदेय बढ़ाने का भरोसा दिया था और अब इसके लिए बजटीय प्रावधान किए जाने की संभावना है. प्रदेश में करीब 1.82 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 1.28 लाख सहायिकाएं और लगभग 1.68 लाख आशा कार्यकर्ता सेवाएं दे रही हैं. मानदेय बढ़ने से लाखों महिला कर्मियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा. सरकारी सूत्रों के अनुसार, 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित अनुपूरक बजट में आंगनबाड़ी, आशा और अन्य मानदेय आधारित कर्मियों के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा. इसके बाद बढ़ा हुआ मानदेय लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कहा था कि प्रदेश की आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया जाएगा. अब सरकार इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है. सरकार का कहना है कि आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की रीढ़ हैं. ऐसे में उनके मानदेय में वृद्धि से न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *