उत्तर प्रदेश l श्रावण मास में कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है.शनिवार को मेरठ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया और शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की.मुख्यमंत्री के साथ मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया.आसमान से शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा कांवड़ मार्ग गूंज उठा. आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया.उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की आस्था को नमन किया.मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा पूरे यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया.कांवड़ यात्रा में शामिल झांकियों में भगवान शिव, गणेश, कार्तिकेय और बाबा के गणों के विभिन्न स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे.श्रद्धालु भोलेनाथ के भजनों और गीतों पर झूमते नजर आए, जबकि बड़ी संख्या में लोग आस्था पूर्ण दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद करते दिखे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा समरसता का अनुपम उदाहरण है.उन्होंने कहा कि हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर शिवभक्त विभिन्न शिवालयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं.मुख्यमंत्री के अनुसार गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच सावन की शिवरात्रि तक करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे. सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है.जिला प्रशासन, पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोन और रेंज स्तर के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं.वहीं, समाजसेवी और धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं.मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों पर आज, कल और शिवरात्रि के दिन भी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी.उन्होंने भगवान महादेव से शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने और देश-प्रदेश में सुख, शांति व सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed